वाराणसी। भारतीय रेल सेवा के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग कैडर के 1987 बैच के वरिष्ठ एवं अनुभवी अधिकारी सोमेश कुमार ने बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण किया है। वर्तमान में वे रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली में अतिरिक्त सदस्य (ट्रैक्शन) के रूप में कार्यरत हैं।
सोमेश कुमार ने वर्ष 1991 में झाँसी मंडल में सहायक विद्युत इंजीनियर (सामान्य) के रूप में भारतीय रेल सेवा में अपने करियर की शुरुआत की थी। लगभग 34 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा अवधि में उन्होंने रेलवे के कई महत्त्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए अपनी नेतृत्व क्षमता और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया है।
उन्होंने झाँसी, बरेका, भोपाल, नागपुर, अंबाला, लखनऊ, सिकंदराबाद और चेन्नई जैसे प्रमुख जोनल रेलवे एवं उत्पादन इकाइयों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
ऊर्जा संरक्षण में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ:
प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर, दक्षिण मध्य रेलवे, सिकंदराबाद के रूप में उनके कार्यकाल में रेलवे को राष्ट्रीय स्तर पर चार ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार, पाँच राज्य स्तरीय पुरस्कार, और छह CII पुरस्कार प्राप्त हुए, जो किसी भी क्षेत्रीय रेलवे द्वारा प्राप्त सर्वाधिक हैं।
नागपुर मंडल में उत्कृष्ट प्रदर्शन:
मंडल रेल प्रबंधक, नागपुर के कार्यकाल में मंडल ने रेलवे सप्ताह 2018-19 में 7 शील्ड और 2019-20 में 8 शील्ड जीतीं। माल लदान में वृद्धि के लिए उन्हें रेलवे बोर्ड द्वारा विशेष प्रशंसा पत्र भी मिला।
संरक्षा और विद्युतीकरण में योगदान:
प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी, दक्षिण रेलवे, चेन्नई के रूप में उन्होंने व्यापक सुरक्षा ऑडिट और सेफ्टी ड्राइव संचालित किए, जिसके परिणामस्वरूप उनके कार्यकाल में कोई गंभीर दुर्घटना नहीं हुई। प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर, दक्षिण रेलवे के रूप में उन्होंने 100% विद्युतीकरण और क्रू प्रबंधन प्रणाली के सुदृढ़ीकरण में अहम भूमिका निभाई।
बरेका से पुराना नाता:
विशेष उल्लेखनीय है कि सोमेश कुमार मार्च 2005 से नवंबर 2011 तक बरेका में उप मुख्य डिजाइन इंजीनियर (ई.एम.) के पद पर कार्य कर चुके हैं।









