Search
Close this search box.

Varanasi Weather: बनारस में बड़ी गर्मी की रफ्तार, मार्च में ही हीट वेव चलने का अनुमान

वाराणसी: इस साल गर्मी ने समय से पहले दस्तक दे दी है। मार्च में ही तापमान मई-जून जैसा महसूस होने लगा है। पिछले पांच दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सुबह की नमी के बावजूद दोपहर की तीखी धूप लोगों को परेशान कर रही है।

शुक्रवार की सुबह से ही तेज धूप निकल आई, जिससे तापमान तेजी से बढ़ा। मौसम विभाग ने मार्च में ही अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। फरवरी के अंत में पछुआ हवाओं के कारण अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन मार्च के पहले ही सप्ताह में मौसम ने करवट बदल ली। अब न सिर्फ दिन बल्कि रात में भी गर्मी का अहसास हो रहा है।

गुरुवार को सुबह से हवा नहीं चली, जिससे धूप अन्य दिनों की तुलना में अधिक तीखी रही। आमतौर पर मार्च के दूसरे सप्ताह में तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक रहता है, लेकिन इस बार यह 38 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। गुरुवार को दोपहर 2 बजे अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस सप्ताह तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। हवा में नमी कम होने और पछुआ हवाओं की गति कम होने के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है। अगर यही स्थिति बनी रही, तो आने वाले दिनों में लू चलने की भी आशंका है।

Leave a Comment

और पढ़ें