Search
Close this search box.

वाराणसी: संविधान दिवस पर बरेका में विविध कार्यक्रमों का आयोजन, राष्ट्र की एकता और अखंडता के संदेश से गूंजा परिसर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में गुरुवार को संविधान दिवस बड़े उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। बरेका महाप्रबंधक सोमेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस अवसर पर प्रशासन भवन स्थित स्वागती हॉल में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पठन किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सुशील कुमार श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में संविधान में वर्णित ‘न्याय’, ‘समानता’ और ‘बंधुत्व’ जैसे मूल्यों पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने उपस्थित सभी कर्मचारियों को संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों और कर्तव्यों का पालन करने तथा देश की उन्नति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

इस मौके पर प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी (प्रशासन) लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अतिरिक्त कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव श्रीकांत यादव, सदस्य नवीन कुमार सिन्हा और संतोष कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में संविधान के महान आदर्शों तथा नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

इसी क्रम में बरेका इंटर कॉलेज में भी संविधान दिवस मनाया गया। प्रधानाचार्य अशोक कुमार माहेश्वरी के नेतृत्व में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। उसके बाद आयोजित चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं में छात्रों ने भाग लिया। करीब 80 से अधिक विद्यार्थियों ने संविधान के मूलभूत सिद्धांतों पर आधारित अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

वहीं बरेका प्रशासन द्वारा आयोजित इन सभी कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक करना और उनमें संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा विकसित करना रहा।

Leave a Comment

और पढ़ें