गाजीपुर: स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगेरा ग्राम पंचायत के कुचया राजभर बस्ती में बन रही सड़क को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फूट पड़ा। आरोप है कि जहूराबाद विधायक के कोटे से पूर्वांचल विकास निधि के अंतर्गत आरईएस विभाग द्वारा लगभग छह लाख रुपये की लागत से बन रही करीब 120 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क में मानक विहीन एवं दोयम दर्जे की निर्माण सामग्री का प्रयोग किया जा रहा था।
स्थानीय ग्रामीणों ने खराब निर्माण कार्य से नाराज़ होकर खुद ही सड़क की ईंटें उखाड़ दीं। मौके पर जेई और ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गाँव की पुरानी ईंटों के साथ घटिया इंटरलॉकिंग ईंट, सफेद बालू और खराब गुणवत्ता की गिट्टी का इस्तेमाल किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा बार-बार मनमाने तरीके से घटिया निर्माण कराया जा रहा है, जबकि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य मानक के अनुरूप नहीं हुआ तो वे निर्माण नहीं होने देंगे।
इस विरोध प्रदर्शन में रविंद्र राजभर, जितेंद्र राजभर, पंकज, दीपक, देवनाथ राजभर, अंगद, सविता, जुगुड़ी, सुशीला, उर्मिला, शीला देवी सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस संबंध में आरईएस विभाग की जेई लीनियस लिनी ने बताया कि वह स्वयं मौके पर जाकर निर्माण कार्य की जांच करेंगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।









