गाजीपुर: बरही-बोगना-मलेठी मार्ग की खस्ताहाल हालत और जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रामनारायण यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई कर सरकार और विभागीय लापरवाही के खिलाफ आक्रोश जताया।

200 मीटर सीसी रोड न बनने से रास्ता जलमग्न
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रांतीय खंड विभाग द्वारा सिर्फ 200 मीटर सड़क का निर्माण नहीं कराए जाने के कारण पूरे रास्ते पर बरसात और नाली का पानी भर गया है। इससे रोजाना आवागमन करने वाले सैकड़ों लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

स्कूल, मंदिर और ग्रामीणों की परेशानी
यह मार्ग स्कूल, मंदिर और स्थानीय आबादी के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बना हुआ है। रामनारायण यादव ने बताया कि विभागीय अधिकारियों को कई बार ज्ञापन और शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्थानीयों ने मजबूर होकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।
कई हादसे, फिर भी लापरवाही
सड़क की खराब हालत के कारण कई लोग फिसलकर घायल हो चुके हैं। जलनिकासी की व्यवस्था न होने से गंदगी और दुर्गंध से ग्रामीण परेशान हैं।
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख लोग
इस विरोध प्रदर्शन में रामनारायण यादव, सूबेदार राम, अनिल यादव, सुजीत गुप्ता, मनोज जायसवाल, सोनू यादव, रीता जायसवाल, गिरीश शर्मा, गुल्लू यादव, अमरदेव यादव, धर्मेंद्र, निर्मला, रामाशीष सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट- धर्मेंद्र कुमार









