गाजीपुर: करंडा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से त्रस्त ग्रामीणों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। दर्जनों ग्रामीणों ने मैनपुर पावर हाउस पहुंचकर प्रदर्शन किया, पावर हाउस परिसर में ताला जड़ दिया और बिजली विभाग के एक कर्मचारी को बंधक बना लिया। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने साफ कहा कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, समाधान चाहिए।
बिजली संकट से बर्बादी की कगार पर किसान
ग्रामीणों ने बताया कि करंडा क्षेत्र में बीते कई दिनों से बिजली आपूर्ति बेहद खराब है। घंटों अघोषित बिजली कटौती के कारण जहां घरेलू जीवन अस्त-व्यस्त है, वहीं खेतों में सिंचाई भी ठप पड़ी है। नलकूप और मोटरें काम नहीं कर पा रहीं, जिससे फसलें सूख रही हैं और किसान संकट में हैं।
शिकायतों के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से इस संबंध में शिकायत की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला, ज़मीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर आज उन्होंने प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।
स्थानीय नेताओं ने भी दिया साथ
प्रदर्शन में क्षत्रिय महासभा के जिला अध्यक्ष राजकुमार सिंह, भाजपा नेता अनुराग सिंह और गोलू सिंह भी शामिल हुए। इन नेताओं ने भी बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और ग्रामीणों की मांगों को पूरी तरह जायज़ बताया।
प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दिया भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अवर अभियंता विजय कुमार ने ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।








