Search
Close this search box.

वाराणसी: संत रविदास रोड पर सीवर लाइन से पानी बहा, सड़कें टूटीं; गंदे पानी में बैठकर विरोध

वाराणसी: सीर गोवर्धनपुर, डाफी – वार्ड नंबर 23, संत रविदास रोड पर सीवर पाइप लाइन का कार्य भ्रष्टाचार और लापरवाही का उदाहरण बन गया है। पिछले वर्ष डाली गई सीवर लाइन का शेष कार्य मात्र दो माह पूर्व पूरा किया गया था, लेकिन पानी पाइपलाइन से बहने के बजाय करोड़ों की लागत से बनी सड़क पर बह रहा है, जिससे सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

यह मार्ग विशेष महत्व का है, क्योंकि हर वर्ष संत रविदास जयंती पर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री स्वयं यहां दर्शन व लंगर में शामिल होते हैं। बावजूद इसके, आम जनता और स्कूल जाने वाले बच्चे रोजाना गंदे पानी और टूटे रास्तों से गुजरने को मजबूर हैं।

शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी निष्क्रिय बने हुए हैं। इसी उपेक्षा के खिलाफ आज समाजवादी पार्टी के बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अमन यादव के नेतृत्व में क्षेत्रीय जनता ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सीवर के गंदे पानी में बैठकर प्रतीकात्मक ‘धान रोपण’ किया और प्रशासन को चेताया कि यदि तुरंत कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

इस मौके पर लाल बहादुर यादव, बाबूलाल, गुड्डू, गोलू, लूजे, चंचल सिंह, सुमित समेत कई नौजवान सक्रिय रूप से शामिल रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें