Search
Close this search box.

वाराणसी: आराजी लाइन सीएचसी पर विश्व स्तनपान सप्ताह का हुआ शुभारंभ

वाराणसी: आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के जख्खिनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पर शुक्रवार को विश्व स्तनपान सप्ताह कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की सभी आशा और एएनएम कार्यकर्ता मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान स्तनपान के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई और माताओं को इस संबंध में जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

हर वर्ष की भांति इस बार भी 1 से 7 अगस्त तक “विश्व स्तनपान सप्ताह” एक वैश्विक अभियान के रूप में मनाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्तनपान को सुरक्षित, प्रोत्साहित और समर्थन देना है, ताकि शिशु एवं माताओं के स्वास्थ्य में सुधार हो सके।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि जन्म के तुरंत बाद, एक घंटे के भीतर नवजात को स्तनपान कराना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही, शिशु के छह माह तक केवल स्तनपान, उसके बाद दो वर्ष की आयु तक संपूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने की सलाह दी गई।

सिजेरियन ऑपरेशन के मामलों में भी प्रसव के तुरंत बाद स्तनपान शुरू कराना जरूरी बताया गया। चिकित्सकों ने बताया कि यह शिशु मृत्यु दर में कमी, पोषण सुधार और प्रारंभिक बाल विकास में अहम भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2016 में शुरू किया गया “माँ” (M.A.A.) कार्यक्रम, जिसका नारा है “स्तनपान विकल्प नहीं, संकल्प है”, इस दिशा में एक सशक्त पहल है। इसका उद्देश्य स्तनपान और ऊपरी आहार को लेकर जनजागरूकता फैलाना है।

समारोह के अंत में उपस्थित आशा और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे घर-घर जाकर स्तनपान को लेकर माताओं को जागरूक करेंगी और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें मार्गदर्शन व सहयोग भी प्रदान करेंगी।

Leave a Comment

और पढ़ें