वाराणसी। बुद्ध विहार, सारनाथ से संविधान दिवस के अवसर पर विश्व मैत्री शांति यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। यह रैली संत रविदास नगर, औराई, गोपीगंज, हंडिया, सैदाबाद और हनुमानगंज होते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल, हाईकोर्ट प्रयागराज तक निकाली गई। यात्रा ने जगह-जगह लोगों को शांति, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पी.सी. आनल, पूर्व न्यायाधीश (बिहार राज्य) ने हरी झंडी दिखाकर इस शांति रैली को रवाना किया। यात्रा का पूरा संचालन एवं संयोजन जी.एल. सिंह द्वारा किया गया।

संयोजक जी.एल. सिंह ने बताया कि आज विश्वभर में युद्ध, तनाव और हिंसा की स्थिति बनी हुई है। ऐसे समय में पूरे विश्व को आपसी प्रेम, सद्भावना और शांति का संदेश देने के उद्देश्य से यह विश्व मैत्री शांति यात्रा आयोजित की गई है। यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिक, समाजसेवी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
वहीं कार्यक्रम का समापन प्रयागराज में डॉ. अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि और संविधान दिवस की शपथ के साथ किया गया।
रिपोर्ट: अशोक कुमार गुप्ता






