वाराणसी: काशी की पावन धरती पर वैदिक स्वर गूंजे जब राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी नेताओं की कथित सनातन विरोधी मानसिकता के विरोध में रामकटोरा स्थित रामजानकी मंदिर में वैदिक यज्ञ का आयोजन किया। संगठन ने इसे लोकतंत्र और संविधान का अपमान बताते हुए विपक्षी नेताओं की बुद्धि-शुद्धि के लिए आहुति अर्पित की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर और अयोध्या-मथुरा जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों का अभूतपूर्व विकास हुआ है। इसी कारण कांग्रेस और सपा बार-बार सनातन पर प्रहार कर रही हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि छह बार चुनाव हारने के बावजूद स्वयंभू सांसद बनने का प्रपंच जनता और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान है। ऐसे नेताओं की बुद्धि-शुद्धि और देश में शांति स्थापना के उद्देश्य से यह यज्ञ आयोजित किया गया।
संगठन ने स्पष्ट किया कि काशी से शुरू हुआ यह यज्ञ केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि राष्ट्रव्यापी अभियान की नींव है। आने वाले समय में देश के सभी प्रमुख तीर्थ स्थलों पर इसी प्रकार के यज्ञ आयोजित कर राजनीति के नाम पर सनातन धर्म और संस्कृति को कमजोर करने वाली शक्तियों का शमन किया जाएगा।
इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने विपक्षी नेताओं की तस्वीरें हवनकुंड में अर्पित कर उनकी मानसिकता बदलने की प्रार्थना की। कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप कुमार गुप्ता के साथ मनीष सिंह रघुवंशी, लक्ष्मण सिंह यादव, जितेंद्र निषाद, हिमांशु सिंह राजपूत, राजगोपाल पांडेय, प्रमोद पांडेय, सूरज यादव, दुर्गा साहनी, आदित्य शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।