चंदौली: पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी, सीआईबी और सीपीडीएस टीम ने संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को ₹60 लाख नकद के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद नकदी के स्रोत और उद्देश्य के बारे में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

संयुक्त चेकिंग अभियान आरपीएफ डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत, जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह तथा सीआईबी प्रभारी निरीक्षक अर्जुन कुमार यादव के नेतृत्व में किया गया। अभियान में उप निरीक्षक अश्वनी कुमार, उप निरीक्षक सुनील कुमार, आरक्षी पवनेश कुमार सिंह, अजय पाल (रेसुब डीडीयू), तथा जीआरपी के उप निरीक्षक आनंद कुमार भारती व आरक्षी रंजीत कुमार शामिल रहे।
चेकिंग के दौरान डीडीयू स्टेशन के मुख्य फुट ओवरब्रिज पर दोपहर लगभग 12 बजे एक युवक तेज़ी से गुजरते हुए संदिग्ध प्रतीत हुआ। जब उसे रोककर पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम आयुष राज (27 वर्ष), पुत्र जगदयाल सिंह, निवासी – गोपी बीघा, थाना डेहरी, जिला रोहतास (बिहार) बताया।
उसके पास से मिले पिट्ठू बैग की तलाशी में ₹60,00,000 नकद (₹500 के 12,000 नोट) बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह यह नकदी वाराणसी से सासाराम (बिहार) ले जा रहा था, लेकिन नकदी के स्रोत या वैध दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद उसे रेल सुरक्षा बल पोस्ट डीडीयू लाया गया तथा घटना की सूचना आयकर विभाग, वाराणसी को दी गई। सूचना पर आयकर निरीक्षक रंजीत कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
आरपीएफ ने बरामद नकदी और आरोपी युवक को आयकर विभाग के सुपुर्द कर दिया। विभाग द्वारा अब आगे की पूछताछ और विधिक कार्रवाई की जा रही है।









