Search
Close this search box.

वाराणसी: नशा मुक्ति केंद्र में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, केस दर्ज

वाराणसी। सारनाथ क्षेत्र स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने केंद्र प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला शुक्रवार को सारनाथ क्षेत्र के मवैया स्थित जन सुधार नशा मुक्ति केंद्र का बताया जा रहा है।

बीएचयू का छात्र था मृतक

मृतक की पहचान आदित्य राज गोस्वामी के रूप में हुई है, जो बीएचयू में एंथ्रोपोलॉजी का छात्र था। उसकी मां प्रतिभा गोस्वामी जीजीआईसी सैयदराज, चंदौली में प्रधानाचार्य हैं, जबकि पिता राकेश भारती गोरखपुर स्थित सैनिक बोर्ड कार्यालय में सुपरवाइजर पद पर तैनात हैं।

परिजनों के अनुसार, आदित्य बीते दो वर्षों से नशे की लत से जूझ रहा था, जिसके चलते उसे 27 दिसंबर को सारनाथ के जन सुधार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था।

मां ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक की मां प्रतिभा गोस्वामी ने आरोप लगाया कि “मेरे बेटे की हत्या की गई है। जब हम लोग उससे मिलने पहुंचे तो हमें मिलने नहीं दिया गया।” उन्होंने बताया कि रविवार को बेटे से मिलने की कोशिश की गई, लेकिन केंद्र से कहा गया कि वह सो रहा है और उसे जगाया गया तो वह आक्रामक हो सकता है।

मौसी का आरोप – शरीर पर थे टॉर्चर के निशान

मृतक की मौसी चंदा देवी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8 बजे उन्हें फोन कर बताया गया कि आदित्य की तबीयत बिगड़ गई है और उसे मवैया स्थित दीर्घायु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कुछ लोग आदित्य को स्ट्रेचर से निकालकर कार में डाल रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि:

  • आदित्य के शरीर पर कपड़े नहीं थे
  • शरीर पर कई जगह चोट और टॉर्चर के निशान थे
  • बताया गया कि उसकी मौत हो चुकी है

इसके बाद परिजन सीधे सारनाथ थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।”

इलाके में तनाव, जांच जारी

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। प्रशासन का कहना है कि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें