Search
Close this search box.

गाजीपुर: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 593 जोड़ों ने लिए सात फेरे, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दिया आशीर्वाद

गाजीपुर: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मैदान, प्रकाशनगर में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक जखनियां बेदी राम और जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

593 जोड़ों का विवाह, 2 मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह

कार्यक्रम में जिले भर से चयनित 593 जोड़ों का विवाह पूरे विधि–विधान से संपन्न कराया गया, जिनमें 2 मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी संपन्न हुआ। मंच से ही अतिथियों द्वारा नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

60 हजार रुपये की धनराशि वधुओं के खाते में स्थानांतरित

मुख्य अतिथि ने मंच से बटन दबाकर 60,000 रुपये वधुओं के बैंक खातों में भेजे, जबकि 25,000 रुपये के उपहार और 15,000 रुपये आयोजन मद में प्रदान किए गए। कुल 1 लाख रुपये की सहायता राशि योजना के तहत दी जाती है।

दहेज प्रथा समाप्त करने में मददगार योजना

जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह योजना बेटियों के जीवन को सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने दंपतियों को आशीर्वचन देते हुए दहेज प्रथा को समाज की कुरीति बताया। विधायक बेदी राम ने कहा कि “बेटा पढ़ता है तो एक घर सुधरता है, लेकिन बेटी पढ़े तो दो घर और समाज भी सुधरता है।” उन्होंने ससुराल पक्ष से नवविवाहित बहुओं को बेटी जैसा सम्मान देने की अपील की।

बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य व सुरक्षा पर जोर

नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री कई योजनाओं के माध्यम से बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने दंपतियों से गर्भ में लिंग परीक्षण न कराने और हर बच्चे का सम्मान करने का आग्रह किया।

विवाह योजना के लाभ और पात्रता

मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि योजना के तहत 60,000 रुपये वधु के खाते में, 25,000 रुपये के उपहार (साड़ी, सूट, चांदी की पायल–बिछिया, बर्तन, बैग, घड़ी, कूल केज, पंखा, चादर, कंबल, गद्दा आदि), 15,000 रुपये आयोजन मद प्रदान किए जाते हैं।
योजना का लाभ गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले परिवारों को मिलता है। लड़के की आयु 21 वर्ष और लड़की की आयु 18 वर्ष अनिवार्य है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि, ब्लॉक प्रमुख मरदह सीता सिंह, ब्लॉक प्रमुख बाराचवर बिजेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, उपायुक्त उद्योग प्रवीण मौर्या, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी एवं कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ब्यूरोचीफ – संजय यादव

Leave a Comment

और पढ़ें