डीडीयू नगर। माघ मेला-2026 के दौरान संभावित यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने शुक्रवार को डीडीयू जंक्शन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया, मुख्य भवन में प्रस्तावित होल्डिंग एरिया, नियंत्रित प्रवेश व्यवस्था, यात्री प्रतीक्षालय, फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म संख्या 1/2 एवं 7/8, नवीन फुट ओवर ब्रिज, दक्षिणी छोर स्थित टिकट काउंटर, सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष, विशेष पर्व नियंत्रण कक्ष, विश्राम कक्ष एवं शौचालयों की स्थिति का गहन अवलोकन किया।

भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारियां
मेला अवधि में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए स्टेशन पर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन के दोनों छोर पर पीआरएस काउंटर, प्रवेश द्वारों पर मोबाइल यूटीएस काउंटर, होल्डिंग एरिया में बैठने, प्रतीक्षा व सूचना की व्यवस्था, सहायता बूथों की तैनाती की गई है, ताकि प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ न हो। यात्रियों से अपील की गई है कि वे ट्रेन के आगमन से पूर्व होल्डिंग एरिया में ही प्रतीक्षा करें।
24×7 निगरानी व्यवस्था सक्रिय
स्टेशन पर स्थापित विशेष पर्व नियंत्रण कक्ष एवं मंडल कार्यालय स्थित वॉर रूम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन में किसी प्रकार की कमी न रहे।
RailOne ऐप के उपयोग की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से RailOne ऐप के अधिकाधिक उपयोग की अपील की है। इस ऐप के माध्यम से आरक्षित व अनारक्षित टिकट बुकिंग, प्लेटफॉर्म टिकट, ट्रेन की लाइव स्थिति, पीएनआर स्टेटस, कोच पोजिशन, ऑनबोर्ड फूड बुकिंग, शिकायत एवं सुझाव, पार्सल ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को लाइन में लगने से राहत मिलेगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पर लगे सूचना बोर्डों और रेलकर्मियों के निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत सहायता लें।
संजय शर्मा | ब्यूरो, चंदौली









