वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने रोपवे परियोजना का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से विस्तृत जानकारी लेते हुए परियोजना को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि रोपवे परियोजना का लगभग 91.40 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा वर्तमान में टेस्टिंग का कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने रथयात्रा रोपवे स्टेशन के अंतिम चरण के कार्यों के बारे में भी जानकारी ली। इस पर कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों ने 15 मार्च 2026 तक कार्य पूर्ण होने की संभावना व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने परियोजना से जुड़े सभी विभागों को समन्वय बनाकर निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि शहरवासियों को शीघ्र ही रोपवे सुविधा का लाभ मिल सके।









