लखनऊ। सुल्तानपुर विश्व बंधुत्व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधीर कुमार के नेतृत्व में सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने तहसील जयसिंहपुर पहुंचकर उपजिलाधिकारी को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उत्तर प्रदेश में ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद अब तक चुनाव न कराए जाने पर चिंता जताई गई। पार्टी ने कहा कि संविधान के अनुसार प्रत्येक पांच वर्ष में पंचायत चुनाव कराना अनिवार्य है, लेकिन चुनाव में हो रही देरी से ग्रामीण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रधान व अन्य पंचायत प्रतिनिधियों के अभाव में अनेक सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर नहीं पहुंच रहा है। इससे गांवों में प्रशासनिक और विकास संबंधी गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। विश्व बंधुत्व पार्टी ने राज्य सरकार से मांग की कि प्रदेश में ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के चुनाव शीघ्र कराए जाएं, ताकि गांवों में लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल हो और विकास कार्यों को गति मिल सके। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






