Search
Close this search box.

प्रसव के बाद महिला की मौत पर बवाल: NH-29 पर शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन, दो घंटे से जाम

वाराणसी । जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र के चिरईगांव स्थित रुस्तमपुर में एक निजी मैटरनिटी होम में प्रसव के बाद 22 वर्षीय कंचन कुमारी की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा और तोड़फोड़ की, इसके बाद शव को राष्ट्रीय राजमार्ग-29 पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते करीब दो घंटे से NH-29 पर लंबा जाम लगा है और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

जानकारी के अनुसार, 2 अगस्त को कंचन कुमारी ने जुड़वा बेटों को जन्म दिया था। प्रसव के बाद इलाज के लिए उन्हें अभय क्लीनिक एंड मैटरनिटी होम ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका के पति मिथिलेश कुमार की तहरीर पर डॉक्टर महेंद्र यादव, एक कथित झोलाछाप चिकित्सक और एक नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। उधर, परिजनों ने आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम नहीं कराने की चेतावनी दी है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें