मिर्जापुर । जनपद के चार माह की गर्भवती एक महिला ने पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि वर्ष 2014 में उसकी पहली शादी हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी, लेकिन पति द्वारा शराब के नशे में मारपीट और प्रताड़ना के कारण उसका वैवाहिक जीवन प्रभावित हो गया। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले दिवाकर चौहान ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर दिल्ली ले जाकर कोर्ट मैरिज कर ली। महिला का कहना है कि वह वर्तमान में दिवाकर से चार माह की गर्भवती है।
पीड़िता के अनुसार, विवाह के बाद दिवाकर, उसके माता-पिता और अन्य परिजनों ने व्यवसाय के नाम पर मायके से करीब नौ लाख रुपये और गहनों की मांग की, जिसे उसके परिवार ने पूरा किया। इसके बावजूद आरोपितों ने उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया। विरोध करने पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसने कई बार विंध्याचल थाने में शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही एक पुलिसकर्मी पर रिश्वत मांगने का आरोप भी लगाया है। पीड़िता ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्टिंग बसंत कुमार गुप्ता।






