Search
Close this search box.

मिर्जामुराद में रोजगार मेला आयोजित, 1234 युवाओं को कंपनियों ने नौकरी के अवसर प्रदान किए

मिर्जामुराद। 27 मार्च को किसान इंटर कॉलेज परिसर में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, वाराणसी द्वारा बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और विभिन्न रोजगार अवसरों का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगारपरक बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के माध्यम से सभी जनपदों में रोजगार मेलों का आयोजन कराया जा रहा है। युवाओं को भाषाई दक्षता, आधुनिक तकनीक और कौशल विकास से जोड़कर उन्हें रोजगार के योग्य बनाया जा रहा है।

अब तक प्रदेश में लगभग 13 लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि विदेशों में रोजगार के अवसरों के लिए कई विदेशी संस्थानों के साथ समझौते किए गए हैं, जिसमें जापान में 4000 महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शामिल है। इस दौरान उन्होंने 10 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने युवाओं को सरकारी योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया। सेवापुरी विधानसभा की ओर से प्रतिनिधि अदिति पटेल ने सेवायोजन विभाग की योजनाओं और भविष्य में रोजगार मेलों के आयोजन पर प्रकाश डाला।

रोजगार मेले में कुल 51 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें हिंदाल्को, जीएमआर, एसआईएस, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, टीवीएस, सुजुकी, विवो, डिक्सन, कोटक महिंद्रा सहित अन्य कंपनियां शामिल थीं।

कंपनियों द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 40 हजार रुपये प्रतिमाह वेतनमान पर नौकरी के ऑफर दिए गए। मेले में लगभग 4200 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 1234 युवाओं को विभिन्न कंपनियों ने नौकरी के अवसर प्रदान किए।

कार्यक्रम में सहायक निदेशक (सेवायोजन) मुकेश कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह, विवेकानंद, गिरीजेश कुमार गुप्ता, ओम जी गुप्ता, रोजगार मेला प्रभारी दीप कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें