Search
Close this search box.

गौसपुर गंगा घाट पर तीन युवक डूबे, दो की मौत, एक को बचाया

गाजीपुर । जनपद के मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गौसपुर स्थित गायत्री गंगा घाट पर सोमवार सुबह स्नान के दौरान तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार शैवटोला शाहनिंदा निवासी अरुण पांडेय (25) पुत्र त्रिलोकी पांडेय और गुलशन कुशवाहा (24) पुत्र संतोष कुशवाहा अपने एक अन्य दोस्त के साथ सुबह करीब सात बजे गंगा स्नान करने पहुंचे थे। स्नान करते समय तीनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने बचाव अभियान चलाकर एक युवक को बाहर निकाल लिया, लेकिन अरुण और गुलशन तेज धारा में डूब गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद दोनों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेज दिए। दोनों युवकों के घरों में मातम पसरा है।

ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।

Leave a Comment

और पढ़ें