मिर्जापुर । के अहरौरा में महिला का संदिग्ध हालत में शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंकामिर्जापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र के बड़ी गांव में सोमवार सुबह एक 35 वर्षीय महिला का शव खेत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान रेखा पत्नी संतोष कुमार कोल, निवासी बरही जंगलमहाल के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार रेखा रविवार को घर से खेत की निगरानी के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। सोमवार सुबह जब ग्रामीणों और परिजनों ने खेत में उसका शव देखा तो सभी स्तब्ध रह गए।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।मृतका के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका का पति बाहर रहकर मजदूरी करता है, जिसे घटना की सूचना दे दी गई है। महिला के परिवार में एक 14 वर्षीय पुत्री और 11 वर्षीय पुत्र है, जिनकी देखभाल अब परिजन कर रहे हैं।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी अजय मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण कर टीम को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है, जबकि पुलिस गहन जांच में जुटी है।
रिपोर्टिंग अनुप कुमार







