वाराणसी। नगर निगम प्रशासन ने शहर में हरित क्षेत्र और गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गोवंश की सेहत और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गौशालाओं में नियमित साफ-सफाई, समय पर टीकाकरण और पर्याप्त व गुणवत्तापूर्ण चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि पशुओं को बीमारियों से बचाया जा सके।

सोमवार को सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर ने शहर में बीते दो वर्षों में लगाए गए लगभग 28 हजार पौधों की स्थिति पर भी कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने उद्यान विभाग को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर सभी पौधों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इस रिपोर्ट में प्रत्येक पौधे की जियो-लोकेशन, ट्री-गार्ड की स्थिति, जीवित और सूख चुके पौधों का पूरा ब्यौरा शामिल होगा। साथ ही यह भी स्पष्ट करना होगा कि सूख चुके पौधों के स्थान पर नए पौधे लगाए गए हैं या नहीं।

बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भी पारदर्शिता पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को चेताया कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने गौशालाओं में चारे की गुणवत्ता और पशु चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त अमित कुमार, उद्यान अधीक्षक डॉ. वीके सिंह और पशु कल्याण अधिकारी डॉ. संतोष पाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। महापौर ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में रिपोर्ट न देने या गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








