गाजीपुर -वाराणसी फोरलेन हाइवे पर नंदगंज थाना क्षेत्र के नैसारा ग्राम के समीप गुरुवार सुबह को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। काठमांडू से वाराणसी बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए जा रही दो पर्यटक बसों में से एक तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। बस करीब 50 मीटर तक डिवाइडर पर घिसटती रही और कई बार पलटने के बाद हाइवे पर विपरीत दिशा में सीधी खड़ी हो गई। बस में कुल 91 यात्री सवार थे, जिनमें से लगभग 40 से 45 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा इतना भीषण था कि कई यात्रियों के हाथ-पैर टूट गए, जबकि कई के सिर में गंभीर चोटें आईं। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक महिला की गर्दन कुचल जाने से मौके पर ही मौत हो गई। करीब दो दर्जन से अधिक यात्रियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही नंदगंज पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। बस का अगला और बाईं तरफ का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर अन्य वाहन नहीं थे, वरना यह दुर्घटना और भी भयावह रूप ले सकती थी।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।









