Search
Close this search box.

गया जंक्शन पर सघन मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान, 217 अनियमित यात्रियों से ₹85,470 जुर्माना वसूला

चन्दौली।/डीडीयू मंडल अंतर्गत आज गया जंक्शन पर सघन मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान में पर्याप्त तैनाती के साथ वाणिज्य विभाग के टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ-साथ आरपीएफ एवं जीआरपी की भी सक्रिय भागीदारी रही।

चेकिंग के दौरान ट्रेनों और स्टेशन परिसर में बिना टिकट तथा अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 217 ऐसे यात्रियों का पता लगाया गया, जो बिना वैध टिकट या नियमों के विरुद्ध यात्रा कर रहे थे। इन यात्रियों से निर्धारित नियमों के अनुसार जुर्माना एवं किराया वसूलते हुए कुल ₹85,470 की राशि प्राप्त की गई।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को रेलवे नियमों के प्रति जागरूक करना और यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखना है। साथ ही यह सुनिश्चित करना भी है कि सभी यात्री वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें, जिससे रेल सेवाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहें।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व टिकट अवश्य लें और नियमों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित बनी रहे। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे, जिससे पारदर्शी और बेहतर यात्री सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।

संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।

Leave a Comment

और पढ़ें