वाराणसी । जनपद काशी में अवैध नशे के कारोबार पर पुलिस कमिश्नरेट ने कड़ा प्रहार करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। रविवार को एसटीएफ और थाना कैंट पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर इमलिया घाट (फुलवरिया) के पास घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान मऊ निवासी अजय गिरि (42 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 107.140 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक चारपहिया वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में मादक पदार्थों की आपूर्ति करता था।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत यह कार्रवाई की गई है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की जांच में जुटी है।








