Search
Close this search box.

महिला दरोगा ने पारा पुलिस पर लगाया कार्रवाई न करने का आरोप, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराने की मांग

लखनऊ । पारा थाना क्षेत्र में एक महिला सब इंस्पेक्टर ने अपने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस पर कार्रवाई न करने की शिकायत की है। प्रयागराज में तैनात पीड़ित महिला दरोगा अपने परिजनों के साथ पारा थाने पहुंची और आरोप लगाया कि कई दिनों से शिकायत करने के बावजूद उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

हंसखेड़ा निवासी महिला दरोगा का कहना है कि उनके पति, सास, ससुर और ननद द्वारा लगातार मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही है। इस संबंध में उन्होंने कई बार पारा पुलिस से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

थाने पहुंची पीड़िता ने कहा कि वह स्वयं पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, फिर भी उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब एक महिला दरोगा को न्याय पाने के लिए थाने के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, तो आम पीड़ितों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।

महिला दरोगा और उनके परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Comment

और पढ़ें