Search
Close this search box.

महुली में बेकाबू कार दुकान में घुसी, किशोर गंभीर घायल; ग्रामीणों ने 20 मिनट के रेस्क्यू से बचाई जान

सोनभद्र । विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली बस स्टैंड के समीप शनिवार रात करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर एक दुकान में घुस जाने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में दुकान के अंदर मौजूद 16 वर्षीय शिवम कुमार गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। कार संख्या यूपी 64 एएक्स 8466 महुली खेल मैदान की ओर से आ रही थी और अचानक नियंत्रण खोकर राजकुमार गुप्ता की दुकान में जा घुसी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और शिवम कार के नीचे दब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों, दुकानदारों और राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। लगभग 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद शिवम को सुरक्षित बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार कार में चार युवक सवार थे। दुर्घटना के दौरान एयरबैग खुलने से कार सवारों को गंभीर चोट नहीं आई। प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नाबालिग होने की आशंका जताई है। हादसे के बाद चालक और उसका एक साथी फरार हो गए, जबकि दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से कार को दुकान से बाहर निकलवाया और कब्जे में ले लिया। पुलिस वाहन चालक की पहचान, दुर्घटना के कारणों और नाबालिग द्वारा वाहन चलाने की आशंका सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें