सोनभद्र । दुद्धी प्रेस क्लब के तत्वावधान में कस्बे स्थित डी.आर. होटल में शनिवार की रात हिंदी पत्रकारिता दिवस भव्य एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध हास्य कलाकार एवं मिमिक्री आर्टिस्ट अभय कुमार शर्मा रहे। उन्होंने नेताओं और फिल्मी हस्तियों की आवाज़ों की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को खूब हंसाया। उनकी प्रस्तुति पर सभागार तालियों और ठहाकों से गूंज उठा।

मुख्य वक्ता सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. रामजीत यादव ने हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा और सामाजिक उत्तरदायित्व ही पत्रकारिता की असली पहचान है। उन्होंने पत्रकारिता मूल्यों के संरक्षण के लिए दुद्धी प्रेस क्लब के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि इंद्रजीत राय एवं विशिष्ट अतिथि संजय गौड़ धुर्वे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में पत्रकारिता करना चुनौतीपूर्ण कार्य है, फिर भी पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर शिक्षिका वर्षा जायसवाल, पंचायत सहायक मनीष अग्रहरि, रक्तदाता विकास अग्रहरि, डॉ. विनय, अधिवक्ता छोटेलाल अग्रहरि एवं अन्य समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने की तथा संचालन रमेश यादव और राकेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकार, गणमान्य नागरिक और प्रेस क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।








