बलिया । जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिले के सभी विद्यालयों में 9 से 12 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए।

उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा जिले के चिकित्सकों को विद्यालयों में जाकर महिलाओं और बच्चों से सीधे संवाद करने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशिक्षण देकर टीकाकरण के लाभों की जानकारी देने और अफवाहों से बचने के लिए लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने महिला ग्राम प्रधानों, आशा बहुओं एवं स्थानीय महिलाओं के माध्यम से गांव-गांव तक टीकाकरण का संदेश पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।









