चन्दौली । /दुलहीपुर सनबीम स्कूल मुगलसराय के विद्यार्थियों ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जनपद और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के मेधावी छात्र शशांक कुमार मौर्या ने 233 अंक प्राप्त करते हुए कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल) में 500वीं रैंक तथा ओबीसी-एनसीएल श्रेणी में 86वीं रैंक हासिल की। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने चंदौली और वाराणसी जनपद में शीर्ष स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया है।

विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा कात्यायनी प्रगभ्या ने भी जेईई एडवांस में सफलता प्राप्त करते हुए एससी श्रेणी में 1251वीं रैंक हासिल की। वहीं ऋषित मंध्यान ने सीआरएल में 13491वीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इन विद्यार्थियों की उपलब्धियां उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और शिक्षकों के प्रभावी मार्गदर्शन का परिणाम मानी जा रही हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के सेक्रेटरी यदुराज कानूडिया ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके अथक परिश्रम और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण का प्रतिफल है। विद्यालय की निदेशिका श्वेता कानूडिया ने कहा कि यह सफलता केवल विद्यार्थियों की नहीं, बल्कि विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्कृति की भी जीत है। प्रधानाचार्या सौमिता चटर्जी ने कहा कि प्रतिभा और परिश्रम का समन्वय ही सफलता की कुंजी है।
विद्यालय के डीन यू.बी. राय, उप-प्रधानाचार्य राम प्रताप सिंह सहित समस्त शिक्षकों ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।








