सोनभद्र। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दुम्हान के टोला गढ़वार में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान धर्मेंद्र कुशवाहा पुत्र राजदेव कुशवाहा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार धर्मेंद्र मानसिक रूप से अस्वस्थ था तथा उसे मिर्गी की बीमारी भी थी।

बताया गया कि शुक्रवार सुबह करीब सात बजे धर्मेंद्र घर से शौच के लिए निकला था। शौच के बाद वह गांव के पास बह रही लौआ नदी के किनारे पहुंचा और पानी छूने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में गिर पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार युवक ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन गहरे पानी में जाने से उसकी जान नहीं बच सकी।
सुबह नदी में युवक का शव उतराता देख ग्रामीणों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दुद्धी कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी की मोर्चरी भेज दिया।
परिजनों का कहना है कि संभवतः नदी के पास पहुंचने के दौरान उसे मिर्गी का दौरा पड़ा होगा, जिससे वह पानी में गिर गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस मामले की अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।








