Search
Close this search box.

गोरखपुर ट्रिपल मर्डर: नाबालिग ने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की धारदार हथियार से की हत्या, पारिवारिक विवाद बना वजह

गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक नाबालिग ने अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतकों की पहचान अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और तीन वर्षीय पुत्र रेयान गुप्ता के रूप में हुई है। तीनों एक ही कमरे में सो रहे थे। आरोप है कि देर रात करीब ढाई बजे नाबालिग कमरे में पहुंचा और सोते समय तीनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार आरोपी बचपन से पारिवारिक परिस्थितियों और कथित अत्याचारों से मानसिक रूप से परेशान था। बताया जा रहा है कि उसका निशाना पिता थे, लेकिन बड़े भाई के बार-बार बीच में आने से वह उनसे नाराज रहता था। इसी रंजिश में उसने पहले भाई पर हमला किया, जिसके बाद भाभी और मासूम भतीजा भी उसकी हिंसा का शिकार बन गए।

मृतक के पिता की तहरीर पर बांसगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों और आरोपी की मानसिक स्थिति की गहन जांच कर रही है। एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से गांव में शोक और दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें