बलिया । जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क निर्माण, भूमि अधिग्रहण, गंगा कटानरोधी परियोजनाओं तथा अन्नपूर्णा भवनों के संचालन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने एनएच-727 नवलपुर-सिकंदरपुर चौड़ीकरण परियोजना से जुड़े न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण तथा एनएच-31 गाजीपुर-बलिया-मांझीघाट ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित भूमि के किसानों को समयबद्ध मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने एसडीएम सदर और बैरिया को मुआवजा भुगतान की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित फाइलों का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए। चंद्रशेखर विश्वविद्यालय परिसर में हेलीपैड निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने और जमनीखास सड़क परियोजना हेतु भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेज करने को भी कहा गया।

सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान चक्की नौरंगा और महाराजपुर क्षेत्र में गंगा कटानरोधी कार्यों को गति देने तथा महाराजपुर परियोजना को 30 जून तक पूरा करने का निर्देश दिया गया। वहीं, 131 निर्मित अन्नपूर्णा भवनों में केवल 31 के संचालन पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए सभी एसडीएम को शेष भवनों को भी जल्द संचालित कराने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।







