वाराणसी। महापौर अशोक कुमार तिवारी एवं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मंगलवार को शहर के विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास एवं स्वच्छता कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत मैदागिन स्थित कालभैरव वार्ड से हुई, जहां नाली सफाई, स्वच्छता व्यवस्था तथा कालभैरव मंदिर मार्ग के सुंदरीकरण कार्य का जायजा लिया गया।


इस दौरान दोनों अधिकारियों ने स्वयं दीवारों पर पेंटिंग कर रंग-रोगन अभियान का शुभारंभ किया और श्रमिकों का उत्साहवर्धन किया। महापौर ने मार्ग पर स्थित सभी दुकानों के बोर्ड एक समान स्वरूप में बनवाने तथा उन पर “सौजन्य से नगर निगम वाराणसी” अंकित कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद निर्माणाधीन शौचालय और गुरुनानक मार्केट का निरीक्षण किया गया। ट्रांसफार्मर के पास फैली गंदगी देखकर महापौर ने नाराजगी जताते हुए तत्काल सफाई के निर्देश दिए। लहुराबीर स्थित पशु चिकित्सालय परिसर में 34.52 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे मार्केट कॉम्प्लेक्स एवं अंडरग्राउंड पार्किंग के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर भी उन्होंने असंतोष व्यक्त किया।

बिरदोपुर वार्ड में नाला सफाई कार्य का निरीक्षण करते हुए महापौर ने सड़क पर पड़ी सिल्ट को गंभीरता से लिया और शाम तक उसे हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि और निगम अधिकारी भी उपस्थित रहे।







