वाराणसी । बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के राजभाषा विभाग के तत्वावधान में 22 जून 2026 को बरेका राजभाषा कार्यान्वयन समिति (बराकास) की तिमाही बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बरेका आधुनिक तकनीक के साथ कदमताल करते हुए तकनीकी क्षेत्र में हिंदी के प्रयोग को भी निरंतर बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए राजभाषा हिंदी में मौलिक चिंतन और लेखन की आवश्यकता पर बल दिया।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों से तकनीकी विषयों पर सरल एवं बोलचाल की भाषा में पुस्तकें लिखने का आह्वान करते हुए कहा कि तकनीकी ज्ञान का व्यापक प्रसार हिंदी के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने अनुवाद पर निर्भरता कम कर हिंदी में कार्य करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में हिंदी के प्रयोग और प्रगति की समीक्षा प्रस्तुत की। इससे पूर्व मुख्य राजभाषा अधिकारी रामजन्म चौबे ने अधिकारियों का स्वागत करते हुए हिंदी के प्रचार-प्रसार हेतु किए जा रहे रचनात्मक प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी यथार्थ पाण्डेय ने किया।







