बलिया । पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने अवैध शराब तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मंगलवार को थाना कोतवाली के उपनिरीक्षक शशांक पाण्डेय अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों, होटल तथा शराब की दुकानों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो बैगों में रखी कुल 33 लीटर अंग्रेजी शराब (रॉयल स्टैग) बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम कुमार (25 वर्ष) निवासी दरभंगा, बिहार तथा पंकज कुमार (23 वर्ष) निवासी दरभंगा, बिहार के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर दोनों के खिलाफ थाना कोतवाली में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शशांक पाण्डेय और हेड कांस्टेबल माधव सिंह यादव की प्रमुख भूमिका रही।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।







