बलिया । जिले के उभांव थाना क्षेत्र की एक 31 वर्षीय मुस्लिम महिला ने अपने जीजा पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय और सुरक्षा की मांग की है। पीड़िता का आरोप है कि जब वह लगभग 12 वर्ष की थी, तब उसके जीजा ने कथित रूप से उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी वीडियो और तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता रहा।
महिला का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर करीब 18 वर्षों तक उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया। आरोप है कि जब भी उसने विरोध किया, उसके साथ मारपीट की गई और कई बार जान से मारने की कोशिश भी की गई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो का इस्तेमाल कर उसकी शादी तुड़वा दी, जिससे उसका पारिवारिक जीवन भी प्रभावित हुआ।
शिकायत पत्र में महिला ने आरोप लगाया है कि इस दौरान कई बार उसका जबरन गर्भपात कराया गया। विरोध करने पर उसे कमरे में बंद कर भूखा रखा गया, प्रताड़ित किया गया और गंभीर मानसिक उत्पीड़न सहना पड़ा। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
महिला ने मुख्यमंत्री से भी न्याय दिलाने की अपील की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। हालांकि, आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








