संडीला (हरदोई)। ज्येष्ठ माह के अंतिम मंगलवार को नगर में आस्था, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री महावीर झंडा मेला कमेटी के तत्वावधान में भव्य श्री महावीर झंडा शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
काजी सराय स्थित श्री हनुमान मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-हवन के बाद सुबह 11 बजे शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा काजी सराय से मांकुम कुआं, कर्बला रोड, लोहारन टोला होते हुए संडीला प्रेस गली पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विश्राम किया।
शाम को शोभायात्रा पुनः रवाना होकर छोटा चौराहा पहुंची, जहां सैकड़ों झंडे यात्रा में शामिल हुए। बैंड-बाजों, आकर्षक झांकियों और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के बीच शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर मुख्य चौराहे तक पहुंची।
रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष शैलेश अग्निहोत्री, अजय त्रिवेदी समेत नगर के अनेक गणमान्य नागरिक और रामभक्त मौजूद रहे। आयोजन के दौरान पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।






