लखनऊ । अलीगंज स्थित कोचिंग संस्थान में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले मासूम बच्चों की स्मृति में बीकेटी विधानसभा क्षेत्र के उमा पैलेस-2 में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व उमा ग्रुप ऑफ कंपनी के चेयरमैन रौशन सिंह “चंदन” ने किया। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने भाग लेकर दिवंगत बच्चों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर मासूम बच्चों की स्मृति को नमन किया तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। सभा में शोक और संवेदना का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर महिला नेत्री श्रीमती प्रियंका सिंह पाल ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार भ्रष्ट अधिकारियों और लापरवाह लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने होंगे।

श्रद्धांजलि सभा में श्रीमती बीणा सिंह, एडवोकेट अवनीश पाल, स्वामी नाथ यादव, ब्रह्मदेव शर्मा, जयप्रकाश सिंह, बबुना शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, जीतू गुप्ता, टीकाराम, बसंत, अनुज, अमन, अंश शर्मा और पिंटू कुमार सहित कई गणमान्य लोगों ने अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।







