Search
Close this search box.

हाथों में तिरंगा लेकर ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष से गूंजा डीडीयू नगर, रेलकर्मियों ने दिया देशभक्ति का संदेश

चन्दौली। /डीडीयू नगर स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से शुरू हुई यात्रा पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तक पहुंची। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने कार्यालय परिसर में झंडा दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक कुलदीप, अपर मंडल रेल प्रबंधक सूरज कुमार, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी नीरज कुमार सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी और बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे।

मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने कहा कि तिरंगा राष्ट्रीय एकता, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है।

तिरंगा यात्रा में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर रेलकर्मी और स्काउट-गाइड सदस्य आगे बढ़े। पूरे मार्ग में ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष और तिरंगे की शान के साथ देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

ब्यूरो चन्दौली संजय शर्मा।

Leave a Comment

और पढ़ें