वाराणसी । काशीवासियों और पर्यटकों के लिए बहुप्रतीक्षित रोपवे सेवा सावन माह में शुरू होने जा रही है। उत्तर प्रदेश शासन ने इसके लिए किराया दरों की घोषणा कर दी है। रोपवे में यात्रा का न्यूनतम किराया ₹10 और अधिकतम ₹50 निर्धारित किया गया है। विशेष सुविधा के तहत ,,काशी स्मार्ट पास,, धारकों को सभी किरायों पर 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया चौक तक पूरे मार्ग का किराया ₹50 रखा गया है, जबकि काशी स्मार्ट पास धारकों को यह यात्रा मात्र ₹40 में उपलब्ध होगी। वहीं विद्यापीठ से रथयात्रा तक का किराया ₹10 निर्धारित किया गया है, जो स्मार्ट पास धारकों के लिए केवल ₹8 होगा।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंट रोपवे स्टेशन पर क्लॉक रूम की व्यवस्था भी की गई है। रोपवे टिकट धारकों को पहले दो घंटे तक सामान रखने की सुविधा निःशुल्क मिलेगी। इसके बाद 15 किलोग्राम तक सामान रखने पर ₹50 प्रति घंटा शुल्क लिया जाएगा।
रोपवे सेवा शुरू होने से शहर के यातायात दबाव में कमी आएगी। वर्तमान में कैंट से गोदौलिया तक सड़क मार्ग से 30 से 45 मिनट लगते हैं, जबकि रोपवे के माध्यम से यही दूरी मात्र 15 से 16 मिनट में तय की जा सकेगी। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।







