गाजीपुर । आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने मरदह थाना क्षेत्र के मिश्रित आबादी वाले नसीरूद्दीनपुर गांव का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ताजिया रखने वाले स्थानों तथा पारंपरिक जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने जुलूस मार्गों पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

एसपी ने स्थानीय लोगों से भी संवाद स्थापित कर आपसी भाईचारा एवं शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर तत्काल पुलिस को सूचना दी जाए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनुभव राजर्षि, प्रभारी निरीक्षक मरदह तारावती यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा मुहर्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, जिससे जनपद में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे।
उमेश यादव गाजीपुर।






