बलिया। 29 जून 2026 सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बलिया पुलिस ने यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग के साथ मिलकर दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में जिलेभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 674 वाहनों का चालान किया गया, 23 वाहनों को सीज किया गया तथा विभिन्न उल्लंघनों पर कुल 12 लाख 56 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

अभियान में ड्रंक एंड ड्राइव, काली फिल्म, हूटर, मॉडिफाइड साइलेंसर, नंबर प्लेट पर जातिसूचक या भड़काऊ शब्द लिखने तथा बिना वैध दस्तावेज वाले वाहनों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने पर सबसे अधिक 465 चालान किए गए, जबकि ट्रिपल राइडिंग पर 46, ड्रंक ड्राइविंग पर 4, मॉडिफाइड साइलेंसर पर 7 और नंबर प्लेट पर आपत्तिजनक शब्द लिखने वाले 38 वाहनों का चालान किया गया।

पुलिस ने अभियान के दौरान लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट के उपयोग और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। अधिकारियों ने अपील की कि सड़क पर सावधानी बरतें और नियमों का पालन कर स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।










