बलिया । रसड़ा क्षेत्र के नागपुर स्थित श्रीनाथ मठ में महान सिद्ध संत श्रीनाथ बाबा का ऐतिहासिक वार्षिक रोट पूजनोत्सव पारंपरिक श्रद्धा, भक्ति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बलिया सहित आसपास के कई जिलों से लाखों श्रद्धालु पहुंचे। पूरे क्षेत्र में जयकारों और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं के बीच 251 क्विंटल से अधिक रोट का महाप्रसाद वितरित किया गया।

सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार विभिन्न गांवों से श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में पारंपरिक लाठियां लेकर मंदिर पहुंचे और लाठी पूजा के माध्यम से शौर्य का प्रदर्शन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।

आयोजन की विशेषता सांप्रदायिक सौहार्द भी रही। मुख्य पूजन से पहले सूफी संत रोशन शाह बाबा की दरगाह पर चादर और रोट अर्पित किया गया। इसके बाद पूजा समिति के अध्यक्ष विजेंद्र प्रताप सिंह एवं अन्य पदाधिकारियों ने विधि-विधान से श्रीनाथ बाबा का पूजन कराया। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।










