सोनभद्र । दुद्धी नगर पंचायत द्वारा नगर के सुंदरीकरण और विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन इन कार्यों की वैधता पर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि महुअरिया पोखरा, बढ़नी नाला जलाशय सहित कई सरकारी भूमि, तालाब और नालों पर बिना आवश्यक अनुमति (एनओसी) के निर्माण कराया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी भूमि पर किसी भी निर्माण से पहले सक्षम अधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य है। उनका आरोप है कि नगर पंचायत ने ऐसा नहीं किया। साथ ही उन्होंने मांग की कि बढ़नी नाला जलाशय और महुअरिया पोखरा की भूमि का पहले सीमांकन और पैमाइश कराई जाए, क्योंकि इन सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे की शिकायतें पहले भी उठ चुकी हैं।
इस मामले में तहसीलदार अंजनी गुप्ता ने बताया कि नगर पंचायत ने सरकारी भूमि पर निर्माण के लिए कोई एनओसी नहीं ली है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजा जाएगा। यदि बिना अनुमति सरकारी भूमि पर निर्माण कार्य पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और ऐसे निर्माण कार्यों को नहीं होने दिया जाएगा।






