बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों में संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी नालों की समय से सफाई कराई जाए और इसकी जांच भी कराई जाएगी। एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटरों का नियमित संचालन अनिवार्य होगा। जांच में सेंटर बंद मिलने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

डीएम ने सभी अधिशासी अधिकारियों को कूड़ा उठान और वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही साफ किए गए नालों की फोटो उपलब्ध कराने तथा जांच के लिए टीम गठित करने को कहा। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना की समीक्षा में नगरा और रतसर कला में कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

राज्य सेक्टर पेयजल योजना के तहत 53 में से केवल 11 कार्य पूरे होने पर डीएम ने असंतोष व्यक्त किया। बेल्थरारोड नगर पंचायत में 16 स्वीकृत कार्यों में एक भी कार्य पूरा न होने पर ईओ से स्पष्टीकरण तलब किया गया। रतसर कला में अंत्येष्टि स्थल निर्माण शुरू न होने और वंदन योजना की धीमी प्रगति पर भी उन्होंने कड़ी चेतावनी दी। डीएम ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।






