वाराणसी। 22 जुलाई 2026 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान वय वंदन कार्ड बनाए जा रहे हैं। आधार आधारित ई-केवाईसी के माध्यम से बनने वाले इन कार्डों के लिए सामाजिक या आर्थिक पात्रता की कोई शर्त नहीं है। केवल 70 वर्ष या उससे अधिक आयु होना आवश्यक है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि अब तक जनपद में 77,530 वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान वय वंदन कार्ड बनाए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ वाराणसी प्रदेश में चौथे स्थान पर है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी।
पहले से आयुष्मान योजना में शामिल परिवारों के 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को पांच लाख रुपये तक का अतिरिक्त टॉप-अप कवर मिलेगा। वहीं, योजना से बाहर परिवारों के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को भी प्रति परिवार प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जाएगा।
पात्र नागरिक आयुष्मान भारत की आधिकारिक वेबसाइट या आयुष्मान ऐप के माध्यम से आधार आधारित ई-केवाईसी कर कार्ड बनवा सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सीएचसी, पीएचसी, नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों, जनसेवा केंद्रों, आशा कार्यकर्ताओं और कोटेदारों के माध्यम से पंजीकरण की व्यवस्था की है।






