वाराणसी । सावन के पवित्र माह में ज्ञानवापी परिसर में मुस्लिम समुदाय द्वारा नमाज पढ़ने पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर शिवसेना ने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि ज्ञानवापी परिसर में श्री आदि विश्वेश्वरनाथ महादेव विराजमान हैं और सनातनी हिंदुओं की कई पारंपरिक धार्मिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा हुआ है। ऐसे में सावन माह के दौरान परिसर में नमाज पढ़ने पर भी रोक लगाई जानी चाहिए।
शिवसेना के राज्य उप प्रमुख एवं मंडल प्रभारी वाराणसी अजय चौबे ने कहा कि सनातनी श्रद्धालुओं को माता श्रृंगार गौरी के नियमित दर्शन-पूजन की अनुमति नहीं है। वहीं, सावन के प्रथम सोमवार को यादव बंधुओं द्वारा वर्षों से चली आ रही बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह में जलाभिषेक की परंपरा पर भी रोक लगाए जाने का आरोप लगाया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि कांवड़ लेकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले शिवभक्तों के बीच से मुस्लिम समुदाय के लोग नमाज पढ़ने के लिए जाते हैं, जिससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं। शिवसेना नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नमाज पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया तो पूरे उत्तर प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता गुलाब दूबे, जिला प्रमुख अजय सिंह, महानगर प्रमुख सतीश शर्मा सहित कई शिवसैनिक मौजूद रहे।





