बलिया । जनपद के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की योजनाओं, औद्योगिक सुरक्षा, विधिक व्यवस्था तथा औद्योगिक इकाइयों की समस्याओं की समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के आवेदनों को बिना उचित कारण निरस्त न किया जाए तथा कमियों की जानकारी आवेदकों को देकर उन्हें सुधार का अवसर दिया जाए।

बैठक में मेसर्स आकृति फूड्स के पोल्ट्री फीड फार्म तक जाने वाली क्षतिग्रस्त सड़क का मुद्दा उठने पर डीएम ने तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। मिनी औद्योगिक आस्थान बनरही में नालियों की सफाई और बिजली आपूर्ति की समस्या पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने उद्योगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति देने और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
साथ ही पूरे जनपद में दो शिफ्टों में सफाई व्यवस्था लागू करने, सफाई कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस व आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक वार्ड में बायोमैट्रिक मशीन लगाकर कर्मचारियों की दैनिक उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।







