बलिया । बांसडीह पिछले एक महीने से विवाद और ग्रामीणों के विरोध का केंद्र बनी नवसृजित देशी शराब की दुकान का संचालन बुधवार को प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शुरू करा दिया। शासन के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच घोघा चट्टी स्थित दुकान खुलवाई। पूरे क्षेत्र में सुबह से ही पुलिस की कड़ी निगरानी रही, जिससे किसी भी प्रकार का विरोध प्रदर्शन या अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

दुकान खुलवाने के दौरान एसडीएम पुष्कर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्र, प्रभारी निरीक्षक अजय पाल, मनियर थानाध्यक्ष अजय तिवारी, आबकारी निरीक्षक बिमलेश यादव सहित पुलिस, राजस्व और आबकारी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इससे पहले मंगलपुरा और डुहीमुशी में ग्रामीणों के विरोध के कारण दुकान का संचालन नहीं हो सका था। बाद में दुकान को देवरार नाम से घोघा चट्टी स्थानांतरित किया गया, लेकिन यहां भी महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद दुकान अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थी। मंगलवार को देवरार पंचायत भवन में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई वार्ता भी बेनतीजा रही।
एसडीएम पुष्कर मिश्रा ने कहा कि दुकान का आवंटन शासन और आबकारी विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत हुआ है तथा प्रशासन शासन के आदेशों का पालन कराने के लिए बाध्य है। वहीं सीओ जयशंकर मिश्र ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।






